जननांग सोरायसिस के कारण, लक्षण और इलाज

सोरायसिस एक इम्यून सिस्टम की गलत प्रतिक्रिया के कारण होने वाली समस्या ,है जो आपके शरीर पर कहीं भी स्किन को प्रभावित कर सकती है।

जननांग सोरायसिस आपके जननांग क्षेत्र के आसपास विकसित होता है। यह लिंग पर या महिलाओं में योनि पर भी हो सकता है।

यह आपकी जांघों और कमर की स्किन की सिलवटों या आपके नितंबों के बीच भी बन सकता है।

काफी दुर्लभ मामलों में यह योनि के अंदर भी हो सकता है।

किसी को भी सोरायसिस हो सकता है, लेकिन शोधकर्ता इसके होने का सटीक कारण नहीं जानते हैं। यह भी स्पष्ट नहीं है कि सोरायसिस वाले कुछ लोगों में यह उनके जननांगों में क्यों होता है।

यदि आपको सोरायसिस है, तो आप बिना किसी समस्या के लंबे समय तक रह सकते हैं, और फिर यह एकदम से भड़क उठ सकता है।

इसके भड़कने का कारण तनाव या कोई बीमारी हो सकती है, लेकिन आमतौर पर इन कारकों का पता लगाना कठिन होता है।

सोरायसिस की समस्या परिवारों में अनुवांशिक रूप से चलती है, लेकिन यह संक्रामक नहीं होती।

इस समस्या को प्रभावी ढंग से प्रबंधित किया जा सकता है, लेकिन वर्तमान में इसका कोई इलाज मौजूद नहीं है।

जननांग सोरायसिस कैसा दिखता है?

सामान्य तौर पर, सोरायसिस मोटी, चमकदार पपड़ी के साथ लाल स्किन के चकत्तों जैसा दिखता है।

जननांगों में सोरायसिस होने पर यह चकत्ते चमकदार लाल रंग के हो सकते हैं, लेकिन आमतौर पर इनमें पपड़ी नहीं दिखती।

जब यह आपकी स्किन की सिलवटों के भीतर होता है, जिसे उलटा सोरायसिस भी कहा जाता है, तो इसका रंग लाल-सफेद या लाल-भूरे रंग का हो सकता है। आपकी स्किन फट भी सकती है और इसमें दर्द और रक्तस्त्राव भी हो सकता है। स्किन की सिलवटों में यह यीस्ट इंफेक्शन की तरह भी लग सकता है।

जननांग एक संवेदनशील क्षेत्र होता है, और इसकी स्किन काफी कोमल होती है। इसलिए जननांग सोरायसिस में खुजली, जलन और असहजता महसूस हो सकती है। यह दर्दनाक भी हो सकता है।

कई चीजें इसके लक्षणों को बढ़ा सकती हैं, जिनमें निम्न शामिल हैं:

  • टाइट कपड़े
  • रफ और टाइट अंडरवियर
  • सेनेटरी प्रोडक्ट
  • कुछ भी जो आपकी स्किन में रगड़ या घर्षण पैदा करता हो, जिसमें सेक्स भी शामिल है

जननांग सोरायसिस के लक्षण क्या हैं?

जननांग सोरायसिस और कुछ अन्य प्रकार के चर्मरोग व संक्रमणों के बीच अंतर बता पाना मुश्किल हो सकता है।

यहां तक ​​कि अगर आपको सोरायसिस है या आपके परिवार में यह होना आम है, तब भी यह जरूरी नहीं आपके जननांगों में हुए लाल चकत्ते सोरायसिस के हों।

यदि आपकी स्किन फट रही है या इसमें दरारें हैं, तो इसमें बैक्टीरिया या फंगल इंफेक्शन होने की सम्भावना बढ़ जाती है।

ऐसा भी हो सकता है कि आपको जननांग सोरायसिस और संक्रमण दोनों हों, जिनका अलग-अलग उपचार कराना आवश्यक है।

आपके जननांगों के आसपास की स्किन काफी नाजुक होती है। यदि आप इसमें कोई भी चकत्ते या दाने विकसित होते हुए देखते हैं, तो इसकी सही पहचान के लिए डॉक्टर से जाँच करवाएं।

सही पहचान से पहले कोई भी घरेलू या मेडिकल उपचार न अपनाएं। क्योंकि स्किन में चकत्ते होने के कई कारण हो सकते हैं, और इन सभी का इलाज काफी भिन्न होता है।

इस समस्या की जल्द से जल्द पहचान और इलाज करने से आपको जल्दी राहत पाने में सहायता मिल सकती है।

जननांग सोरायसिस किस कारण होता है?

जननांग सोरायसिस के कारण, शरीर पर कहीं और सोरायसिस होने के कारणों के समान ही होते हैं।

हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि सोरायसिस क्यों होता है, लेकिन आमतौर पर डॉक्टर और शोधकर्ता यह मानते हैं कि आपके इम्यून सिस्टम की गलत प्रतिक्रिया और जेनेटिक इसमें भूमिका निभा सकते हैं।

इसके अन्य कारकों में शामिल हैं:

  • तनाव
  • अत्यधिक शराब का सेवन
  • संक्रमण
  • कुछ दवाओं के दुष्प्रभाव के रूप में
  • चोट लगने पर

अगर मुझे जननांग सोरायसिस है, तो क्या मैं सेक्स कर सकता हूँ?

इसका छोटा उत्तर है हाँ, अगर आपको सेक्स करते समय कोई समस्या नहीं आती और अच्छा लगता है तो।

यह आपके चकत्तों के भड़कने की गंभीरता और व्यक्तिगत पसंद पर भी निर्भर करता है।

जननांग सोरायसिस सेक्स करने से नहीं फैलता, और न ही यह प्रजनन क्षमता को प्रभावित करता है।

लेकिन यदि आप सोरायसिस चकत्तों के भड़कने के दौरान सेक्स करते हैं, तो घर्षण के कारण आपको दर्द हो सकता है और आपके लक्षण और ज्यादा बिगड़ सकते हैं।

अपने डॉक्टर से पूछें कि क्या आप सेक्स के दौरान कंडोम या लुब्रीकेंट का उपयोग कर सकते हैं, और यदि हाँ तो कौनसे आपके लिए सबसे अच्छे होंगे।

हमेशा सेक्स करने के बाद, सोरायसिस वाले क्षेत्र को धीरे से साफ करें और साफ तौलिये से थपथपाकर पूरी तरह से सुखा लें।

जननांग सोरायसिस के उपचार विकल्प कौन-कौन से हैं?

प्राकृतिक उपचार

यदि आप अपने जननांग क्षेत्रों में चकत्ते बनते हुए देखते हैं, तो निम्न प्राकृतिक सुझाव आपके चकत्तों को और ज्यादा बिगड़ने से बचाने में मदद कर सकते हैं:

  • सुगंध युक्त या अन्य कठोर सामग्री वाले पर्सनल प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से बचें
  • प्रभावित क्षेत्र को साफ रखें
  • हमेशा नहाने के बाद, एक साफ मुलायम तौलिये से प्रभावित क्षेत्र को थपथपाकर सुखाएं
  • घर्षण या रगड़ से बचें
  • कॉटन अंडरवियर और ढीले पेंट पहनें

अपने आहार को नियंत्रित करने से भी जननांग सोरायसिस के प्रकोप को रोकने में मदद मिल सकती है:

  • शराब का कम सेवन करें
  • लीन प्रोटीन जैसे सोया, अखरोट, सैल्मन मछली का सेवन करें
  • चकत्तों के भड़कने को उत्तेजित करने वाले खाद्य जैसे दुग्ध उत्पाद, रेड मीट और हाई सैचुरेटेड फैट वाले पदार्थों से बचें
  • यदि आपका वजन ज्यादा है तो उसे कम करें

मेडिकल उपचार

यदि डॉक्टर की जाँच में आपमें जननांग सोरायसिस होने की पुष्टि होती है, तो कई प्रकार के मेडिकल उपचार हैं जिनकी डॉक्टर सलाह दे सकता है।

कुछ पर्चे वाली ताकतवर क्रीम या जेल, जननांगों की खुजली और असहजता में राहत प्रदान कर सकते हैं। कुछ मामलों में आपका डॉक्टर टॉपिकल स्टेरॉयड क्रीम भी लिख सकता है।

कुछ ओवर-द-काउंटर दवाएं या मॉइस्चराइज़र (जिन्हें डॉक्टर के पर्चे की आवश्यकता नहीं होती) भी आपको राहत देने में सहायक हो सकते हैं। हालाँकि इनका उपयोग करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लेना अच्छा होता है।

सामान्य सोरायसिस के उपचार में उपयोग की जाने वाली मेडिकल दवाएँ और इंजेक्शन भी जननांग सोरायसिस के लक्षणों को कम करने में मदद कर सकते हैं।

अपने लिए सही उपचार खोजने के लिए आपको परीक्षण और त्रुटि की अवधि से गुजरना पढ़ सकता है, लेकिन डॉक्टर की मदद से यह काफी आसान हो जाता है।

जननांग सोरायसिस की पहचान कैसे होती है?

अधिकांश मामलों में, डॉक्टर आपकी स्किन को देखकर ही सोरायसिस की पहचान कर सकता है।

लेकिन कभी-कभार, बैक्टीरियल या फंगल संक्रमण की संभावना को जाँचने के लिए अतिरिक्त परिक्षण की आवश्यकता हो सकती है।

इन अतिरिक्त परीक्षणों में डॉक्टर आपको बायोप्सी की सलाह दे सकता है। बायोप्सी में डॉक्टर आपकी स्किन का नमूना लेकर माइक्रोस्कोप में जाँच करता है।

निष्कर्ष

हालाँकि वर्तमान में सोरायसिस का कोई इलाज उपलब्ध नहीं है, लेकिन कुछ उपचारों और जीवनशैली में बदलावों के जरिये इसके लक्षणों को नियंत्रित किया जा सकता है।

यदि आपको लगता है कि आपको जननांग सोरायसिस हो सकता है, तो अपने डॉक्टर से जाँच करवाएं। वह सही पहचान और उपचारों के माध्यम से आपको काफी राहत प्रदान करने में मदद कर सकता है।

Scroll to Top