वीर्य के बिना स्खलन (सूखा स्खलन) के कारण, अन्य लक्षण और उपचार

क्या आपको कभी ऐसा स्खलन हुआ है जिसमें वीर्य न निकला हो?

अगर आपका जवाब “हां” है, तो इसका मतलब है कि आपको सूखा स्खलन हुआ है।

सूखा स्खलन तब होता है, जब आप सेक्स या हस्तमैथुन के दौरान चरमोत्कर्ष या ऑर्गाज्म तक तो पहुँचते हैं, लेकिन आपके लिंग से वीर्य नहीं निकलता। हालाँकि इसमें आपके लिंग के खड़े होने और कामोत्तेजना में कोई कमी नहीं आती।

कारण के आधार पर, आपमें सूखा स्खलन केवल एक अस्थायी घटना हो सकती है या स्थायी रूप से रह सकती है।

जरूरी नहीं कि सूखा स्खलन एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या हो और यह आपको तभी प्रभावित कर सकता है जब आप बच्चे पैदा करने की कोशिश कर रहे हों।

यह क्यों होता है और आपके लिए इसका क्या अर्थ हो सकता है, इसके बारे में अधिक जानने के लिए आगे पढ़ते रहें:

यह क्यों होता है?

सूखे स्खलन के अधिकांश मामले मूत्राशय या प्रोस्टेट सर्जरी करवाने वाले व्यक्तिओं में सामने आते हैं। दोनों ही सर्जरी आपमें वीर्य और शुक्राणु का उत्पादन बंद करने का कारण बन सकती हैं, जिसका अर्थ है कि जब आप चरमोत्कर्ष पर होंगे तो आपके लिंग से कुछ भी नहीं निकलेगा।

सूखे स्खलन के निम्न कारण भी हो सकते हैं:

  • तंत्रिकाओं को क्षति पहुँचना जो डायबिटीज, मल्टीपल स्क्लेरोसिस, या रीढ़ की हड्डी की चोट के कारण हो सकती हैं
  • दवाएँ जो हाई ब्लड प्रेशर, बड़ी हुई प्रोस्टेट ग्लैंड या मानसिक विकारों के इलाज के लिए ली जाती हैं
  • शुक्राणु वाहिनी में रुकावट आना
  • टेस्टोस्टेरोन में कमी
  • कोई जेनेटिक प्रजनन विकार होना
  • बढ़े हुए प्रोस्टेट के इलाज के लिए लेजर प्रोस्टेट सर्जरी और अन्य प्रक्रियाएं करवाना
  • प्रोस्टेट कैंसर के इलाज के लिए की जाने वाली रेडियोथेरेपी
  • टेस्टिकुलर कैंसर के इलाज के लिए सर्जरी

तनाव और अन्य मनोवैज्ञानिक समस्याओं के कारण भी सूखा स्खलन हो सकता है, लेकिन अक्सर यह स्थितिजन्य होता है। यानि हो सकता है कि एक ही बार के सेक्स में पहले स्खलन में आपका वीर्य न निकले लेकिन दूसरे में निकल जाए। मतलब यह कभी-कभार ही होता है।

क्या यह स्थिति प्रतिगामी स्खलन के समान ही है?

नहीं। हालाँकि सूखा स्खलन और प्रतिगामी स्खलन एक ही समय में एक साथ हो सकते हैं, लेकिन यह एक ही प्रकार की स्थितयाँ नहीं हैं।

जब वीर्य स्खलन के दौरान लिंग से बाहर निकलने के वजाय मूत्राशय में चला जाता है, तो उसे प्रतिगामी स्खलन कहा जाता है। ऐसा तब होता है जब आपके मूत्राशय का मुख संभोग के दौरान बंद नहीं हो पाता है।

यह आमतौर पर अल्फा-ब्लॉकर दवाओं के कारण होता है, जैसे कि टेम्सुलोसीन (tamsulosin), या मूत्राशय या प्रोस्टेट पर की जाने वाली सर्जरी जो मूत्राशय के मुख को नुकसान पहुँचा सकती हैं।

प्रतिगामी स्खलन से ग्रसित पुरुषों में स्खलन के बाद थोड़ा या बिलकुल भी वीर्य नहीं निकलता है, लेकिन बाद में यह उनकी पेशाब के साथ बाहर निकल सकता है, जिससे पेशाब धुंधली नजर आ सकती है।

वहीं दूसरी ओर सूखे स्खलन से ग्रसित पुरुषों में वीर्य कहीं से भी बिलकुल भी नहीं निकलता।

किसको इसका जोखिम ज्यादा होता है?

हालांकि सूखे स्खलन के कई कारण होते हैं, लेकिन जिन लोगों ने प्रोस्टेट को हटाने के लिए रेडिकल प्रोस्टेटेक्टॉमी नामक सर्जरी करवाई होती है – उन सभी को सूखे स्खलन का अनुभव होता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि इस सर्जरी के दौरान प्रोस्टेट और उसके आस-पास की वीर्य ग्रंथियों को बाहर निकाल दिया जाता है।

जिन लोगों को डायबिटीज है या जिनकी प्रोस्टेट, मूत्राशय या अंडकोष कैंसर के इलाज के लिए पैल्विक सर्जरी हुई है, उनमें भी सूखा स्खलन होने का जोखिम बढ़ जाता है।

इसकी पहचान कैसे की जाती है?

यदि आपको सूखा स्खलन हो रहा है, और आप सुनिक्षित नहीं हैं कि क्यों, तो अपने डॉक्टर से संपर्क करें। डॉक्टर आपसे आपके लक्षणों, दवा के उपयोग और किसी भी हाल की मेडिकल प्रक्रिया के बारे में कई प्रश्न पूछेगा। वह आपके लिंग, अंडकोष और मलाशय की शारीरिक जांच भी करेगा।

डॉक्टर आपके स्खलन के बाद आपके मूत्र का नमूना लेने को भी कहेगा, ताकि वह उसमें वीर्य की मौजूदगी की जाँच कर सके। इससे उसे यह निर्धारित करने में मदद मिलेगी कि आपको सूखा स्खलन है या प्रतिगामी स्खलन।

यदि डॉक्टर को आपके मूत्र में बहुत अधिक वीर्य मिलता है, तो वह आपमें प्रतिगामी स्खलन होना निर्धारित करेगा। यदि नहीं तो आपको सूखा स्खलन होगा।

आपमें कोई भी अंतर्निहित कारक का पता लगाने के लिए, डॉक्टर आपके अतिरिक्त टेस्ट भी कर सकता है या किसी अन्य विशेषज्ञ के पास भेज सकता है।

इसका इलाज कैसे किया जाता है?

चूंकि अधिकांश पुरुषों को सूखा स्खलन होने पर भी उनके आनंद में कोई कमी नहीं आती, इसलिए अधिकतर के लिए यह समस्या नहीं होती जबतक कि वह बच्चे को जन्म देने के बारे में न सोच रहे हों या इसका कारण उनमें कोई अन्य अन्तनिर्हित गंभीर समस्या न हो।

सूखे स्खलन का इलाज इसके अन्तनिर्हित कारक के आधार पर किया जाता है।

उदाहरण के लिए, यदि आपमें सूखा स्खलन इसलिए हो रहा है क्योंकि आप कोई अल्फा-ब्लॉकर दवा लेते हैं, तो इस दवा का उपयोग बंद करने के बाद सामान्य रूप से स्खलन करने की आपकी क्षमता वापस आ जानी चाहिए।

यदि आपका सूखा स्खलन स्थितिजन्य है और मनोवैज्ञानिक तनाव से संबंधित हैं, तो मनोवैज्ञानिक डॉक्टर आपको तनाव कम करने में मदद कर सकता है।

यदि आपके सूखे स्खलन का कारण प्रतिगामी स्खलन है, तो आपका डॉक्टर स्खलन के दौरान मूत्राशय के मुख की मांसपेशियों को बंद रखने में मदद करने के लिए कुछ दवाएं लिख सकता है, जिनमें निम्न शामिल हैं:

  • मिडोड्राईन (midodrine)
  • ब्रोम्फेनिरामाइन (brompheniramine)
  • इमिपरामाइन (imipramine)
  • क्लोरफेनिरामाइन (chlorpheniramine)
  • इफेड्रिन (ephedrine)
  • फिनाइलफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड (phenylephrine hydrochloride)

क्या यह प्रजनन क्षमता को प्रभावित करता है या अन्य जटिलताओं को जन्म दे सकता है?

यदि आपको कभी कभार सूखा स्खलन होता है, तो हो सकता है कि उसका आपकी प्रजनन क्षमता पर दीर्घकालिक प्रभाव न पड़े या अन्य जटिलतायें न हो। डॉक्टर जाँच के माध्यम से आपकी सही स्थिति का पता लगाने में ज्यादा मदद कर सकता है।

कारण के आधार पर, आप वाइब्रेटर थेरेपी का उपयोग करके स्वाभाविक रूप से घर पर ही स्खलन करने की अपनी क्षमता को बहाल करने में सक्षम हो सकते हैं। इस थेरेपी में आपको रोज लिंग और जननांगों के आसपास की स्किन को एक वाइब्रेटर मशीन के माध्यम से वाइब्रेट करना होता है। ऐसा माना जाता है कि वाइब्रेटर उत्तेजना में अतिरिक्त वृद्धि करता है और जननांगों के कामकाज को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।

यदि आप मुख्य रूप से सूखे स्खलन के कारण बच्चा पैदा न कर पाने की अपनी क्षमता से चिंतित हैं, तो डॉक्टर इलेक्ट्रो स्खलन के माध्यम से आपके शुक्राणु प्राप्त कर सकता है और आर्टिफीसियल इनसेमिनेशन के जरिये आपको पिता बनने में सक्षम कर सकता है। अंडकोष से सीधे शुक्राणु निकालना भी संभव हो सकता है।

अपने डॉक्टर से बात करें

यदि आप बार-बार सूखे स्खलन से जूझ रहे हैं, तो सबसे पहले अपने डॉक्टर से बात करें। हालाँकि आमतौर पर कभी-कभार सूखा स्खलन होना चिंता का कारण नहीं होता है, लेकिन आपको यह समझना महत्वपूर्ण है कि किन कारणों से आपको यह हो रहा है।

यदि किसी अंतर्निहित समस्या के कारण आपको सूखा स्खलन हो रहा है, तो डॉक्टर आपके लिए बेहतर उपचार विकल्पों का पता लगाने में मदद कर सकता है।

Scroll to Top