योनि में लिंग फंस जाना: क्या यह वाकई में संभव है?

सुनने में यह किसी शहरी मिथक की तरह लगता है, लेकिन संभोग के दौरान लिंग योनि के अंदर फंस जाना संभव है।

इस स्थिति को मेडिकल भाषा में पेनिस कैप्टिवस (penis captivus) कहा जाता है, और यह काफी दुर्लभ घटना है। यह इतनी दुर्लभ घटना है कि ज्यादातर डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों को इसके बारे में केवल दूसरों से सुनकर ही पता लगता है।

यह भी स्पष्ट नहीं है कि पेनिस कैप्टिवस होना कितना आम है, क्योंकि ज्यादातर जोड़े बिना किसी डॉक्टर की सहायता के खुद से ही इस समस्या से छुटकारा पाने में सक्षम होते हैं। और हो सकता है कि वे इस घटना की रिपोर्ट डॉक्टर को कभी न दें।

यदि आप इस समस्या से झूझ रहे हैं और अक्सर अपने आप को अलग नहीं कर पाते हैं, तो सबसे पहले आपको शांत रहना महत्वपूर्ण है। आपके साथ क्या हो रहा है, इस बारे में अधिक जानकारी रखने से आपको और आपकी पार्टनर को सही ढंग से पेनिस कैप्टिवस से अलग होने में मदद मिल सकती है।

योनि में लिंग फंस जाने के बारे में अधिक विस्तार से सीखने के लिए पढ़ना जारी रखें।

यह कैसे होता है?

लिंग को योनि में फंसने के लिए के लिए, सेक्स के दौरान कुछ घटनाओं का होना आवश्यक है।

लिंग, जिसमें खड़ा होने के दौरान खून भर जाता है, वीर्य स्खलन से पहले उसका आकार बढ़ना जारी रह सकता है। योनि की दीवारें, जो पेशीय ऊतक से बनी होती हैं, सेक्स के दौरान फैलती और सिकुड़ती हैं।

कभी-कभी, योनि की मांसपेशियां सामान्य से अधिक सिकुड़ सकती हैं। ये संकुचन योनि के द्वार को छोटा कर सकते हैं और लिंग को योनि में फंसा सकते हैं, खासतौर से अगर लिंग अभी भी पूरा खड़ा हो या लगातार रक्त भरने के कारण बड़ा होता जा रहा हो।

महिला ऑर्गाज्म के बाद योनि की मांसपेशियां शिथिल होने लगती हैं। पुरुषों के लिंग में भी स्खलन के बाद रक्त कम होना शुरू हो जाता है, और वह ढीला व छोटा होने लगता है। इसलिए योनि में लिंग फंसने पर यदि पुरुष या महिला स्खलित हो जाये, तो आप आसानी से अपने लिंग को बाहर निकालने में सक्षम हो सकते हैं।

अधिकांश लोग जो पेनिस कैप्टिवस का अनुभव करते हैं, उनके अनुसार यह समस्या सिर्फ कुछ सेकंड के लिए ही रहती है। शांत रहने और मांसपेशियों को ढीला होने देने से आपको एक दूसरे से जल्दी अलग होने में मदद मिलेगी।

पेनिस कैप्टिवस महिलाओं में होने वाली वैजिनिस्मस (vaginismus) नामक समस्या के कारण भी हो सकता है। वैजिनिस्मस योनि की मांसपेशियों का एक सख्त संकुचन होता है जो इतना मजबूत होता है कि योनि खुद को बंद करने लगती है। जब ऐसा होता है, तो एक महिला संभोग करने में असमर्थ हो सकती है।

इसके होने पर कैसा अनुभव होता है?

योनि के आम संकुचन पुरुषों के लिए सुखददायक होते हैं। क्योंकि लिंग के आसपास बढ़ा हुआ दबाव पुरुष संवेदनाओं को तेज कर सकता है। यदि आपका लिंग योनि के अंदर फंस जाता है, तो भले ही यह दबाव लिंग की संवेदनाओं को बढ़ा दे, लेकिन लिंग फंस जाने की चिंता के कारण इस सुख का उतना मजा नहीं आता।

पेनिस कैप्टिवस से आपको या आपकी साथी को चोट लगने की संभावना नहीं है। जैसे-जैसे लिंग बैठता जायेगा उसपर दबाव कम होता जायेगा और किसी भी तरह की परेशानी होना बंद हो जाएगी। इसी तरह, जैसे ही योनि का संकुचन समाप्त होता जाता है, तो उसके द्वार की मांसपेशियां अपनी सामान्य स्थिति में वापिस आने लगती हैं।

जब आपका लिंग योनि में फंस जाता है, तो यह महत्वपूर्ण है कि आप ऐसा कुछ भी न करें जिससे आपको या आपकी पार्टनर को चोट पहुंचे या अतिरिक्त दर्द हो। इसका मतलब है कि आपको अपने लिंग को जबरन योनि से निकालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। अतिरिक्त चिकनाई या तेल डालने से भी इस स्थिति में मदद मिलने की संभावना नहीं है।

इसके बजाय, शांत रहने की कोशिश करें और मांसपेशियों को अपने आप ढीला होने दें। हालांकि यह समय गुजारने में अधिक लंबा लग सकता है, लेकिन अधिकांश जोड़े केवल कुछ ही सेकंड के लिए फंसते हैं।

क्या इसके कोई शोध आधारित सबूत हैं?

क्योंकि योनि में लिंग फंसना इतना दुर्लभ है, इस घटना का वस्तुतः कोई शोध या चिकित्सा आधारित प्रमाण मौजूद नहीं है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि इस स्थिति की ख़बरें मेडिकल क्षेत्र में कभी प्रकाशित न हुई हों।

मेडिकल क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की रिपोर्टों से ही हमें पता चला है कि वास्तव में योनि में लिंग फंसना संभव है। 1979 में, ब्रिटिश मेडिकल जर्नल ने यौन रुकावटों के बारे में एक लेख प्रकाशित किया था। इस लेख में उन्होंने दो उन्नीसवीं सदी के स्त्रीरोग विशेषज्ञों का हवाला दिया जिन्होंने पहली बार योनि में लिंग फंसने का मामला सामने आने का दावा किया।

अगले साल, मेडिकल जर्नल ने अपने एक पाठक की प्रतिक्रिया प्रकाशित की जिसमें उसने दावा किया कि उसके सामने एक जोड़े को स्थानीय अस्पताल में इस हालत के साथ लाया गया था।

अभी हाल ही में, 2016 में, एक प्रतिष्ठित केन्याई टेलीविजन चैनल ने एक समाचार खंड चलाया जिसमें एक जोड़े को दिखाया गया था जिसे योनि में लिंग फंसने के बाद एक स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया था।

अगर मेरे साथ ऐसा हो जाए तो मुझे क्या करना चाहिए?

यदि आप सेक्स के बीच में पाते हैं कि आप और आपकी साथी अलग नहीं हो पा रहे हैं, तो आपको शांत रहना महत्वपूर्ण है। घबराने से आप लिंग को जबरदस्ती निकालने का प्रयास कर सकते हैं, और इससे अधिक दर्द और परेशानी हो सकती है।

अधिकांश जोड़े केवल कुछ सेकंड के लिए ही फंसते हैं, इसलिए अपने सभी कार्यों को विराम दे दें। कुछ गहरी साँसें लें, और सम्भावना है कि आपकी मांसपेशियाँ कुछ देर बाद ढीली हो जाएँ।

दुर्लभ से दुर्लभ मामले में, यदि आप कुछ मिनटों के बाद भी फंसे रहते हैं, तो आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए कॉल करें। संकुचन को कम करने में मदद के लिए एक डॉक्टर आपको या आपकी साथी को मांसपेशियों को ढीला करने वाला इंजेक्शन दे सकता है।

यदि आपके साथ ऐसा बार-बार होता रहता है, तो अपनी अगली मुलाकात में डॉक्टर को इस बारे में बताएं। वह आपमें या आपकी पार्टनर में मौजूद किसी संभावित अंतर्निहित समस्या की जाँच करेगा, जैसे कि वैजिनिस्मस या रक्त प्रवाह की समस्याएं, जो इस असामान्य स्थिति में योगदान कर सकती हैं।

निष्कर्ष

योनि में लिंग फंसना एक बहुत ही दुर्लभ स्थिति है और अधिकांश जोड़ों को इसका कभी भी अनुभव नहीं होता।

लेकिन यदि आपके साथ ऐसा होता है, तो शांत रहना याद रखें। घबराएं नहीं और अपनी साथी से खुद को अलग करने की कोशिश न करें।

हड़बड़ी में आप दोनों एक दूसरे को चोट पहुँचा सकते हैं, जिससे स्थिति और ज्यादा बिगड़ सकती है।

अधिकांश जोड़े कुछ सेकंड के बाद, या सबसे खराब मामलों में कुछ मिनटों के बाद अलग होने में सक्षम हो जाते हैं। हालांकि इतना कम समय भी आपको काफी असहज महसूस करा सकता है, और आप आपा खो सकते हैं। इसलिए प्रतीक्षा करें और कोई भी गलत कदम उठाने से बचें। आप जल्द ही आजाद हो जाएंगे।

Scroll to Top