पीरियड्स न आने के कारण, उपचार और रोकथाम

पीरियड्स न आने की समस्या को मेडिकल भाषा में एमेनोरिया (Amenorrhea) कहा जाता है और यह तब होता है जब आप अपने मासिक धर्म को मिस कर देती हैं। इसे मासिक धर्म के रक्तस्राव की अनुपस्थिति से भी परिभाषित किया जाता है।

गर्भावस्था के दौरान या रजोनिवृत्ति के बाद मासिक धर्म नहीं होना सामान्य है। लेकिन अगर आप गर्भावस्था या रजोनिवृत्ति न होने के बावजूद पीरियड्स मिस करती हैं, तो यह आपमें एक अंतर्निहित चिकित्सा समस्या का लक्षण हो सकता है।

एमेनोरिया के दो मुख्य प्रकार हैं। जिन महिलाओं में 16 साल की उम्र पार करने के बाद भी मासिक धर्म शुरू नहीं हुआ है, उन्हें प्राथमिक एमेनोरिया हो सकता है। प्रजनन पथ की असामान्यतायें जिनके कारण मासिक धर्म के रक्तस्राव में रुकावट आती है, उन्हें भी प्राथमिक एमेनोरिया होना माना जाता है।

यदि आपमें पिछले 9 महीनों के नियमित मासिक चक्रों के बाद अगले 3 महीनों के लिए लगातार मासिक धर्म नहीं होता है, तो आपको माध्यमिक एमेनोरिया हो सकता है। इस प्रकार का एमेनोरिया होना अधिक आम है।

एमेनोरिया के कारण

एमेनोरिया के कई संभावित कारण हैं।

उदाहरण के लिए, प्राथमिक एमेनोरिया आपके यौन अंगों में संरचनात्मक समस्याओं का परिणाम हो सकता है। यह अविकसित या दोषपूर्ण अंडाशय का संकेत भी हो सकता है।

आपकी पिट्यूटरी या थायरॉइड ग्रंथियों की समस्याओं के परिणामस्वरूप माध्यमिक एमेनोरिया हो सकता है। ठीक से काम करने पर ये ग्रंथियां मासिक धर्म के लिए आवश्यक हार्मोन का उत्पादन करती हैं।

माध्यमिक एमेनोरिया के अन्य संभावित कारणों में निम्न शामिल हैं:

  • मोटापा
  • कुपोषण (पोषण की कमी)
  • अत्यधिक वजन घटाना या डाइटिंग करना
  • अत्यधिक एक्सरसाइज करना
  • पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (पीसीओएस) – इस समस्या वाली महिलाएं सामान्य से अधिक मात्रा में पुरुष हार्मोन का उत्पादन करती हैं। यह हार्मोन असंतुलन उनके शरीर को मासिक धर्म छोड़ने का कारण बनता है और उनके लिए गर्भवती होना कठिन बना देता है।
  • अंडाशयी कैंसर
  • अंडाशय या गर्भाशय को हटाने का ऑपरेशन
  • थायरॉयड ग्रंथि में समस्याएं
  • हार्मोनल असंतुलन
  • तनाव या डिप्रेशन
  • कुछ दवाओं का उपयोग, जैसे कि कुछ एंटीसाइकोटिक्स

माध्यमिक एमेनोरिया के प्राकृतिक कारणों में निम्न शामिल हैं:

  • गर्भावस्था
  • स्तनपान
  • रजोनिवृत्ति

गर्भ निरोधक गोलियाँ खाना शुरू करने, रोकने या बदलने से भी आपके मासिक धर्म चक्र पर प्रभाव पड़ सकता है।

एमेनोरिया की पहचान

अगर आपको लगातार तीन मासिक धर्म नहीं हुए हैं या आप 16 साल की हैं और अभी तक आपके मासिक धर्म शुरू नहीं हुए हैं, तो अपने डॉक्टर से मिलें। यह एक अंतर्निहित चिकित्सा समस्या का संकेत हो सकता है जिसके लिए उपचार की आवश्यकता होती है।

आपके पीरियड्स न आने के कारण की पहचान करने के लिए, डॉक्टर सबसे पहले आपमें गर्भावस्था और रजोनिवृत्ति की जाँच करेगा। वह आपसे अपने लक्षणों और चिकित्सा के इतिहास की जानकारी देने के लिए भी कहेगा। आपको डॉक्टर को निम्न चीजे बताना जरूरी है:

  • आपके द्वारा अनुभव किये जा रहे कोई भी लक्षण
  • आपका आखिरी पीरियड कब आया था
  • आपके पीरियड्स कितने दिनों तक रहते हैं
  • आपके द्वारा उपयोग की जाने वाली दवाएं, जिनमें गर्भनिरोधक गोलियां, सप्लीमेंट और ओवर-द-काउंटर दवाएं शामिल हैं
  • आपके आहार, व्यायाम, दिनचर्या या वजन में हाल ही में आया परिवर्तन
  • आपके जीवन में भावनात्मक समस्याएं

डॉक्टर आपका एक पैल्विक परिक्षण भी कर सकता है। वह कारण की पहचान में मदद करने के लिए अन्य परिक्षण जैसे यूरिन, ब्लड या इमेजिंग टेस्ट भी करा सकता है।

एमेनोरिया का इलाज

एमेनोरिया का इलाज इसके अंतर्निहित कारण पर निर्भर करेगा। यदि आपने अभी तक जाँच नहीं कराई है तो अपने आसपास के स्त्री रोग विशेषज्ञ से मिलें।

यदि इसका कारण मोटापे से जुड़ा है, तो डॉक्टर आपको वजन घटाने की सलाह देगा। यदि अत्यधिक वजन कम होना या अत्यधिक व्यायाम करना कारण है, तो वह आपको वजन बढ़ाने या कम व्यायाम करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

आपके मानसिक स्वास्थ्य को प्रबंधित करने में मदद करने के लिए, डॉक्टर टॉक थेरेपी, दवाएं या अन्य उपचार भी लिख सकता है।

थायरॉयड ग्रंथि के साथ समस्याओं का इलाज करने के लिए, डॉक्टर हार्मोन रिप्लेसमेंट जैसी दवाएं लिख सकता है या सर्जरी की सलाह दे सकता है।

अंडाशयी कैंसर में, आपको दवाओं, रेडिएशन थेरेपी और कीमोथेरेपी को एक साथ लेने की आवश्यकता हो सकती है।

एमेनोरिया का कारण बनने वाली अन्य स्थितियों के इलाज के लिए भी दवा या सर्जरी का विकल्प है।

एमेनोरिया को रोकना

एमेनोरिया से बचने के लिए, निम्न सलाह अपनाएं:

  • शरीर के वजन को स्वस्थ स्तर पर बनाये रखें
  • संतुलित आहार लें
  • नियमित रूप से व्यायाम करें
  • तनाव पर काबू पाना सीखें

अपने मासिक धर्म चक्र को लेकर कोई भी चिंता या प्रश्न के बारे में डॉक्टर से बात करें।

निष्कर्ष

हालांकि पीरियड न आना किसी गंभीर स्वास्थ्य संकट की तरह नहीं लगता, लेकिन यह कई स्वास्थ्य समस्याओं के परिणाम स्वरूप हो सकता है और इनसे जुड़े कई जोखिम भी पैदा करता है।

यदि यह हार्मोनल परिवर्तनों से जुड़ा हुआ है, तो यह आपकी हड्डियों के घनत्व को प्रभावित कर सकता है, जिससे फ्रैक्चर और गठिया होने का खतरा बढ़ जाता है।

यदि आप गर्भधारण की कोशिश कर रही हैं तो इसके कारण गर्भवती होना कठिन हो सकता है।

ज्यादातर मामलों में, एमेनोरिया और इसके अंतर्निहित कारणों का उपचार संभव है। अपनी स्थिति, उपचार के विकल्पों और दीर्घकालिक दृष्टिकोण के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से मिलें।

Scroll to Top